नशा मुक्त समाज के लिए लोगों की सहभागिता जरूरी
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने लोगों से की जागरूक रहने की अपील
🔹 नशा मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक
कोरिया, 30 दिसंबर 2025/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नशा मुक्त भारत अभियान एवं एनडीपीएस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
🔹 मादक पदार्थों पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों से गांजा, अफीम एवं अन्य मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में किसी भी परिस्थिति में नशीले पदार्थों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध स्थानों की पहचान कर संयुक्त टीमों द्वारा नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
🔹 मेडिकल स्टोर्स व शैक्षणिक संस्थानों पर निगरानी
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने मेडिकल स्टोर्स में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल, कॉलेज, छात्रावास एवं अन्य शासकीय संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पूर्णतः रोकी जाए।
🔹 नए वर्ष पर विशेष सतर्कता के निर्देश
नए साल के अवसर पर बढ़ती लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर ने कहा कि शराब सेवन कर तेज एवं असुरक्षित वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आबकारी और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि अवैध शराब व गांजा बिक्री की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए।
🔹 कलेक्टर ने लोगों से की सीधी अपील
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि केवल कानून के भरोसे नशा समाप्त नहीं किया जा सकता। नशा को जड़ से खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग, खासकर युवाओं, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
🔹 जनजागरूकता पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। ग्राम स्तर से लेकर शहरी क्षेत्रों तक लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के खिलाफ सामाजिक माहौल बनाया जाना चाहिए।
🔹 सादगी से नया साल मनाने की अपील
अंत में कलेक्टर ने लोगों से नए वर्ष का स्वागत सादगी के साथ करने, नशे से दूर रहने और तेज वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि लोगों के सहयोग से जिला जल्द ही नशा मुक्त बनने की दिशा में मजबूत कदम उठाएगा।

